राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती

Team uklive



नईं टिहरी 2 अक्टूबर 2024 : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में धूमधाम से गांधी जयंती मनाई गई। सर्वप्रथम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर श्रीमती पुष्पा नेगी द्वारा ध्वजारोहण किया गया एवं महाविद्यालय द्वारा राष्ट्रगान गाया। तत् पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। प्रोफेसर नेगी द्वारा गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन वृतांत पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया अधिवक्ता मोहनदास करमचन्द गांधी भारतीय स्वतन्त्रता आन्दोलन के एक प्रमुख राजनैतिक एवं आध्यात्मिक नेता थे। सत्य व अहिंसा को स्वाधीनता आंदोलन का मूल शस्त्र बनाकर आम जन मानस के साथ मिलकर उन्होंने भारत से अंग्रेजों को बाहर खदेड़ने का कार्य किया । उनका मानना था कि निःशस्त्र अहिंसा की शक्ति किसी भी परिस्थिति में सशस्त्र शक्ति से सर्वश्रेष्ठ होगी। प्रोफ़ेसर पुष्पा नेगी ने बताया कि सम्पूर्ण विश्व गांधी जी को महात्मा गांधी के नाम से जानता है जिसका अर्थ संस्कृत भाषा में 'महान आत्मा' एक सम्मान सूचक शब्द है। आज सम्पूर्ण विश्व में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के मानवीय मूल्यों, आदर्शों, सिद्धांतो को मान्यता मिली है और उनको  अपना भी  गया है। यही कारण है कि 15 जून 2007 को "संयुक्त राष्ट्र महासभा" ने एक प्रस्ताव की घोषणा की, कि प्रत्येक वर्ष 02 अक्टूबर महात्मा गांधी जी की जन्मजयंती को "अंतर्राष्ट्रीय अंहिसा दिवस" के रूप में मनाया जाएगा। भारत सरकार प्रति वर्ष उल्लेखनीय सामाजिक कार्यकर्ताओं, विश्व के नेताओं और नागरिकों को महात्मा गाँधी शान्ति पुरस्कार से पुरस्कृत करती है। दक्षिण अफ्रीकी नेल्सन मंडेला, जो कि जातीय मतभेद और पार्थक्य के उन्मूलन में संघर्षरत रहे, इस पुरूस्कार को पाने वाले पहले गैर-भारतीय थे।

महात्मा गांधी की 155वीं जन्मजयंती  कार्यक्रम की संयोजिका डॉक्टर आशा डोभाल उनियाल ने बताया कि स्वतंत्रता की लड़ाई में गांधी जी के योगदान को देखते हुए ही  नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने उन्हें राष्ट्रपिता का दर्जा दिया था। गांधी जी के विचारों ने भारत को एक नैतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से समृद्ध समाज बनाने में भी अहम भूमिका निभाई है। हालांकि उनके कई सपने आज भी अधूरे हैं। अब इन सपनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा करने में लगे हैं। बापू जी के स्वच्छता, ग्राम स्वराज, खादी, सत्य-अहिंसा के आदर्श, सर्वधर्म समभाव तथा समाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण के मूल विचार को वर्तमान मोदी सरकार पूर्ण कर रही है जिसके तहत 2 अक्टूबर 2014 से स्वच्छ भारत अभियान सम्पूर्ण देश में चलाया जा रहा है। जिसके तहत महाविद्यालय में प्राचार्य महोदया के दिग्दर्शन में शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्र छात्राओं द्वारा यह अभियान चलाया गया। महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रमुख डॉक्टर वीपी सेमवाल के मार्गदर्शन में रामधुन एवं अन्य कार्यक्रम किए गए। अंत में मिष्ठान वितरण के साथ महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी गण तथा छात्र छात्राएं उपस्थित रहें।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें